यूपी बोर्ड परीक्षा 2002 में बैठेंगे 51.74 लाख विद्यार्थी, UPMSP ने बताया कब होंगी परीक्षा
यूपी बोर्ड परीक्षा 2022 में इस बार कुल 51.74 लाख छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। यूपीएमएसपी ने उत्तर प्रदेश हाई स्कूल और इंटर की परीक्षा की तारीखों की जानकारी भी दी है।

प्रयागराज। यूपी बोर्ड हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा 2022 में करीब 51.74 लाख छात्र-छात्राएं (कुल 51,74,583 परीक्षार्थी) शामिल होने वाले हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बताया है कि UP बोर्ड 10वीं की परीक्षा के लिए कुल 27,83,742 विद्यार्थियों (27.83 लाख) और यूपी बोर्ड क्लास 12 की परीक्षा के लिए कुल 23,91,841 स्टूडेंट्स (23.91 लाख) ने पंजीकरण कराया है।
वहीं, UP बोर्ड कक्षा 9वीं और 11वीं की परीक्षा के लिए कुल 58,70,938 छात्र-छात्राओं (58.70 लाख) ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 31,92,815 यानी 31.92 लाख स्टूडेंट्स UP बोर्ड क्लास 9 और 26,78,123 यानी 26.78 लाख स्टूडेंट्स UP बोर्ड क्लास 11 की परीक्षा के लिए पंजीकृत हुए हैं।
यह भी पढ़ें – ओडिशा सरकार ने दिया मेधावी छात्रों तोहफा, NEET, JEE समेत इन एग्जाम की कोचिंग मिलेगी फ्री
कब होगी यूपी बोर्ड परीक्षा
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद् यानी यूपीएमएसपी (UPMSP) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि यूपी हाई स्कूल और इंटर की परीक्षा फरवरी मार्च 2022 में ली जाएगी। UP बोर्ड 10वीं की परीक्षा और यूपी बोर्ड 12वीं की परीक्षा का थ्योरी पार्ट मार्च के अंतिम सप्ताह में शुरू हो सकता है। जबकि UP बोर्ड प्रैक्टिकल की परीक्षाएं फरवरी के तीसरे सप्ताह से शुरू किए जा सकते हैं।
हालांकि अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक डेटशीट जारी नहीं की गई है। राज्य में विधानसभा चुनाव (यूपी चुनाव) भी होने हैं। ऐसे में बोर्ड की मुख्य परीक्षाएं यूपी विधानसभा चुनाव के बाद ही ली जाएंगी। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने भी कुछ दिन पहले इस बारे में जानकारी दी थी।
गौरतलब है कि UP बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए पंजीकरण की अंतिम तारीख 15 दिसंबर 2021 थी। हालांकि पंजीकरण की जानकारी में बदलाव करने का अब भी मौका है। अगर आपको किसी जानकारी में कोई सुधार करना है, तो आप अपने स्कूल द्वारा यह प्रक्रिया 18 दिसंबर 2021 तक पूरी कर सकते हैं।



