रुहेलखंड विश्वविद्यालय में उपद्रव, नौ गांव वालों पर मुकदमा
बरेली. रास्ते के विवाद में गुरुवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय में उप्रदव करने वाले नौ स्थानीय ग्रामीणों के खिलाफ नामजद व 60-70 अज्ञात ग्रामीणों पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया. रुहेलखंड विश्वविद्यालय में पुलिस तैनात कर दी गई है. अब विवि प्रशासन ग्रामीणों के प्रवेश को रोकने के लिए स्थायी इंतजाम पर विचार कर रहा है।
आपको बता दें कि रुहेलखंड विवि और इलाके के डोहरा गौटिया गांव के निवासियों के बीच रास्ते को लेकर भारी विवाद चल रहा था। विरोध के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन गेट नहीं बंद कर पा रहा था। विवि का कहना था कि गांव के लोग कच्ची शराब बनाते हैं। विवि परिसर के रास्ते से बेरोकटोक आते-जाते हैं। प्रशासन से विवि की ओर से शिकायत की गई थी। कोरोना के कारण लॉकडाउन हुआ तो विवि ने ग्रामीणों के विवि में आने के रास्ते पर ताला लगाकर वहां गहरा गड्ढा खोद दिया। कई दिनों की चुप्पी के बीच गुरुवार को सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुषों ने लाठी-डंडे के साथ विवि परिसर में धावा बोलकर उपद्रव किया। पुलिस ने गांव वालों को खदेड़ दिया। इसके बाद विवि ने पुलिस को तहरीर दी। इसी के बाद पुलिस ने नौ स्थानीय ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।