उच्च शिक्षा की बड़ी खबरें (प्रवेश परीक्षा विशेष)

गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में प्रवेश कमेटी ने पहली प्रवेश वरीयता सूची जारी की
देहरादून।
श्रीनगर के गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में बीकॉम प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश को लेकर प्रवेश कमेटी ने पहली प्रवेश वरीयता सूची जारी कर दी है। विश्वविद्यालय में सामान्य वर्ग के उन छात्र-छात्राओं को जिनका इंटर में 57 प्रतिशत या उससे अधिक प्राप्तांक है, उन्हें प्रवेश दिया गया है। ओबीसी, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, एससी एसटी के लिए यह कट ऑफ मेरिट 40 प्रतिशत है। बता दें कि बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की प्रवेश समिति के संयोजक प्रो. एके पोखरियाल ने कहा कि जिन छात्र-छात्राओं के नाम प्रवेश वरीयता सूची में हैं उन्हें अपना प्रवेश शुल्क 25 अक्टूबर तक जमा करना होगा। वरीयता सूचि के आधार पर प्रवेश शुल्क ऑनलाइन मोड से अपनी यूजर आइडी का प्रयोग करते हुए जमा करना है।
यहां पढ़ें – 20 अक्टूबर तक बदल पाएंगे CSIR UGC NET परीक्षा केंद्र, वेबसाइट पर करें आवेदन
द्वितीय वरीयता सूची के छात्रों को अवसर –
कोरोना महामारी के कारण देशभर के विश्वविद्यालयों में ऑनलाइन प्रवेश व परीक्षाएं आयोजित हो रही है। गढ़वाल विवि वाणिज्य विभाग के अध्यक्ष प्रो. वीसी शर्मा ने कहा कि जो छात्र-छात्राएं अंतिम तिथि तक शुल्क जमा नहीं कर पाएंगे, उनके स्थान पर द्वितीय वरीयता सूची के छात्रों को अवसर दिया जाएगा। कुल 1310 रुपये फीस जमा करनी है। सभी फीस ऑनलाइन मोड के माध्यम से ही जमा किये जायेंगे।
कालेजों में ऑनलाइन प्रवेश की तैयारी, इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय को बनाया आधार
लखनऊ।
इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय (इविवि) की तर्ज पर इस बार संघटक कॉलेजों में भी छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन दाखिला दिया जाएगा। छात्रों को केवल दस्तावेज का वेरिफिकेशन कराने के लिए कॉलेज आना होगा। इसकी तैयारी भी पूरी कर ली गई है। बताते चलें कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन रूप से पूर्ण हो गयी है।
घर बैठे ही मिलेगा दाखिला –
कोरोना वायरस संक्रमण के चलते कॉलेज भी इस बार छात्रों को ऑनलाइन प्रवेश देंगे। प्रवेश परीक्षा पूर्ण के बाद अब जल्द ही प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया जाएगा। इससे पहले इविवि प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया कि इस बार छात्रों को दाखिले के लिए चैथम लाइन स्थित प्रवेश भवन के चक्कर नहीं काटने होंगे। वह घर बैठे ही दाखिला ले सकेंगे। इसकी तैयारी भी पूरी कर ली गई है। इसी कड़ी में अब कॉलेजों ने भी ऑनलाइन दाखिले की तैयारी कर ली है। छात्रों को केवल दस्तावेज का सत्यापन कराने के लिए ही कॉलेज आना होगा।
इलाहबाद विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाली के लिए अनशन जारी, प्रशासनिक अफसरों के इस्तीफे की मांग
लखनऊ।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में 88वें दिन भी छात्रनेता अजय यादव सम्राट की अगुवाई में छात्रसंघ बहाली के लिए रविवार को अनशन जारी रहा। इस मौके पर अजय ने कहा कि छात्राओं को जेल भेजना और फर्जी मुकदमा दर्ज कराना निंदनीय है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सारे प्रशासनिक अधिकारी अपना पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार खो चुके हैं और अब उन्हें नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के इतिहास में सबसे शर्मनाक घटना –
बताते चलें कि पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सतीश अग्रवाल, विनोद चन्द्र दुबे, केके राय और कृण्षमूर्ति यादव ने भी बैठक कर इलाहाबाद विश्वविद्यालय में चल रहे हालात पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के हालात इस समय अराजकता की तरफ बढ़ रहे हैं। जब किसी विश्वविद्यालय का मुखिया अपने आश्रय के लिए मांग करते हुए छात्राओं के मदद करने के बजाय मध्यरात्रि में बर्बर पुलिस के हवाले कर दे और जेल में ठूंस दे इलाहाबाद विश्वविद्यालय के इतिहास में सबसे शर्मनाक घटना है। इस पर अधिकारीयों के इस्तीफे की मांग की गयी है।






