#कोरोना संकट: एक महीने बाद विश्वविद्यालय खुला, ग्लव्स व मास्क लगाना अनिवार्य
धनबाद. बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय धनबाद का मुख्यालय लगभग एक महीना के बाद हाल में सोमवार को खुला. प्रशासनिक कार्यालय में जरूरत के अनुसार ही कर्मियों को बुलाया गया.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कुलपति डा. अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यालय को खोल दिया गया है. खोलने के पहले सेनिटाइज कराया गया. कार्यालय में प्रवेश के पहले थर्मल स्कैनर से शरीर का तापमान मापा जाएगा. हाथ में सेनिटाइजर दिया जाएगा.
सभी लोगों को मास्क व दस्ताना लगाना अनिवार्य है. बिना मास्क व ग्लव्स के कार्यालय में प्रवेश नहीं मिलेगा. प्रवेश के लिए दो इंट्री प्वाइंट बनाए गए हैं. एक रास्ते से प्रवेश मिलेगा तो दूसरे रास्ते से बाहर आ सकते हैं. सभी अधिकारियों व कर्मियों को इसका पालन करना होगा. यह भी ध्यान रखा जाएगा कि कार्यालय में एक ही बार में अधिक लोगों को इंट्री नहीं मिले. सोशल डिस्टेंस का हर हाल में पालन करना है. वहीं, जानकारों का कहना है कि एक महीना के बाद कार्यालय खुलने पर यह संभावना जताई जा रही है कि आने वाले समय में कालेजों के कार्यालय भी खुलेंगे.
साभार- दैनिक हिंदुस्तान




