BPSC का रिजल्ट जारी; गौरव सिंह बने टॉपर, टॉप 10 में दो लड़कियां, देखें पूरी लिस्ट
बिहार लोक सेवा आयोग की 65वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का रिजल्ट गुरुवार को जारी हो गया। इसे आयोग की आफिशियल वेबसाइट www.bpsc.bih.nic.in पर देख सकते हैं। इसके माध्यम से 14 विभागों में 423 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं।

पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 65वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का परिणाम गुरुवार को जारी कर दिया गया है। रिजल्ट में गौरव सिंह टॉपर बने हैं। सेकेंड टॉपर चंदा भारती लड़कियों में ऑपर बनीं हैं। सुमित कुमार थर्ड टॉपर बने हैं। टॉप 10 में दो लड़कियां हैं। लड़कियों में सेकेंड टॉपर अनामिका को ओवर-ऑल नौवां स्थान मिला है। टॉपर गौरव व सेकेंड टौपर चंदा सहित टॉप 10 में सात इंजीनियर हैं। रिजल्ट के आधार पर 14 विभागों में 423 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। अभ्यर्थी अपना रिजल्ट आयोग की आफिशियल वेबसाइट www.bpsc.bih.nic.in पर जाकर देख सकते हैं।
फाइनल रिजल्ट के पहले साक्षात्कार की प्रक्रिया सितंबर के पहले सप्ताह में ही संपन्न कराई जा चुकी है। बीपीएससी के संयुक्त सचिव व परीक्षा नियंत्रक अमरेंद्र कुमार के अनुसार गुरुवार को रिजल्ट को लेकर आयोग की बैठक के बाद रिजल्ट जारी किया गया।
टॉप 10 में किन्हें मिली जगह, जानिए
1. गौरव सिंह
2. चंदा भारती
3. वरुण कुमार
4. सुमित कुमार
5. अविनाश कुमार
6. आदित्य श्रीवास्तव
7. एस प्रतीक
8. आदित्य कुमार
9. अनामिका
10. अंकित
टॉपर गौरव व चंदा ने कही ये बात
टॉपर गौरव रोहतास के रहने वाले हैं। वे फिलहाल पुणे में हैं। गौरव मैकेनिकल इंजीनियरिंग कर चुके हैं। रिजल्ट के बाद टॉपर गौरव ने कहा कि उन्हें सफलता की उम्मीद तो थी, लेकिन टॉपर बनेंगे, ऐसा नहीं सोचा था। गर्ल्स टॉपर चंदा भारती बांका की रहने वाली हैं। वे भी सिविल इंजीनियरिंग से स्नातक कर चुकीं हैं। चंदा भारती ने बताया कि उन्हें सफलता की सूचना भाई ने फोन पर दी।
सर्वाधिक नियुक्तियां ग्रामीण विकास पदाधिकारी की
आयोग के संयुक्त सचिव व परीक्षा नियंत्रक अमरेंद्र कुमार के अनुसार इस वर्ष रिजल्ट के आधार पर सर्वाधिक 110 नियुक्तियां ग्रामीण विकास पदाधिकारी की होंगीं। बिहार शिक्षा सेवा के 72 तथा डीएसपी के 62 पद भी भरे जाने हैं।
जानिए कुल व आरक्षित पदों की स्थिति
फाइनल रिजल्ट के पहले मुख्य परीक्षा के आधार पर 1142 प्रत्याशियों का साक्षात्कार लिया गया था। रिजल्ट के आधार पर बिहार सरकार के 14 विभागों में कुल 423 रिक्त पद भरे जाएंगे। कुल पदों में 186 अनारक्षित हैं। 41 पद ईडब्ल्यूएस आरक्षित, 53 अनुसूचित जाति, छह अनुसूचित जनजाति, ,68 आर्थिक रूप से कमजोर और 59 पद पिछडे़ वर्ग के लिए आरक्षित हैं। एफएफडी के लिए छह और विकलांगों के लिए 14 पद आरक्षित हैं।
वेबसाइट www.bpsc.bih.nic.in पर देखें रिजल्ट
आयोग के सयुंक्त सचिव सह परीक्षा नियंत्रक अमरेन्द्र कुमार ने बताया कि अभ्यर्थी परीक्षा परिणाम www.bpsc.bih.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। ऑनलाइन रिजल्ट देखने के लिए आप निम्नलिखित प्रक्रिया अपनाएं….
- बीपीएससी की वेबसाइट bpsc.bih.nic.in खोलें।
- होम पेज पर 65th Combined Competitive Examination Final Result के लिंक पर क्लिक करें।
- स्क्रीन पर दिख रही पीडीएफ फाइल खोलें। इसमें अपना नाम व रोल नंबर सर्च करें। अपना नाम खोजने के लिए आप Ctrl + F के शॉर्टकट का भी प्रयोग कर सकते हैं।
विभिन्न विभागों में रिक्तियां, एक नजर
- बिहार प्रशासनिक सेवा – 30 रिक्तियां
- पुलिस उपाधीक्षक (गृह विभाग) – 62
- जिला समादेष्टा (गृह विभाग) – 06
- बिहार शिक्षा सेवा (शिक्षा विभाग) – 72
- उत्पाद एव निबंधन विभाग – 05
- श्रम संसाधन विभाग – 20
- अवर निर्वाचन पदाधिकारी (निर्वाचन विभाग) – 46
- ग्रामीण विकास पदाधिकारी (ग्रामीण विकास विभाग) -110
- प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (पंचायती राज विभाग) – 14
- नगर कार्यपालक पदाधिकारी (नगर विकास एवं आवास विभाग) – 11
- जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी (अल्पसंख्यक कल्याण विभाग) – 01
- नियोजन पदाधिकारी/ जिला नियोजन पदाधिकारी (श्रम संसाधन विभाग) – 09
- आपूर्ति निरीक्षक (खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग) – 19
- अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग – 18



