CCSU Hostel Blast : सीसीएसयू हॉस्टल में छात्रों ने फोड़ा पेट्रोल बम, 200 को नोटिस, सीसीटीवी से की जा रही पहचान
पंडित दीनदयाल उपाध्याय छात्रावास में शुक्रवार आधी रात को कुछ छात्रों ने पॉलिथीन में पेट्रोल भरकर आग लगा दी

मेरठ : चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू-CCSU) के पंडित दीनदयाल उपाध्याय छात्रावास में शुक्रवार आधी रात को कुछ छात्रों ने पॉलिथीन में (petrol bomb)पेट्रोल भरकर आग लगा दी, जिससे जोरदार धमाका हुआ।घटना का वीडियो जब शनिवार सुबह इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ, तो विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छात्रावास में रह रहे करीब 200 छात्रों को नोटिस जारी कर दिया है।
वीडियो से हो रही पहचान, पांच छात्र सस्पेंड
सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर फैले वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।शनिवार देर शाम तक पाँच छात्रों की पहचान हो चुकी थी, जबकि बाकी की तलाश रविवार तक जारी रहेगी।पहचाने जाने वाले छात्रों को छात्रावास से सस्पेंड कर बाहर निकाला जाएगा।
दीपावली स्टाइल’ में किया धमाका
हाल ही में सोशल मीडिया पर “दीपावली सेलिब्रेशन स्टाइल” में पेट्रोल से भरे पॉलिथीन जलाने वाले वीडियो खूब वायरल हुए हैं। उसी की नकल करते हुए छात्रों ने हॉस्टल परिसर में पेट्रोल बम जैसी हरकत की, और धमाके के बाद आग के आस-पास नाचते-गाते नजर आए।इन वीडियो को खुद छात्रों ने इंटरनेट मीडिया पर शेयर (video viral) किया, जिससे मामला तेजी से वायरल हो गया।
प्रशासन सख्त, चेतावनी जारी
सीसीएसयू के चीफ वार्डन प्रो. दिनेश कुमार ने बताया कि आग से खेलने जैसी हरकत बेहद खतरनाक है। जिन छात्रों ने यह किया है, उनकी पहचान कर छात्रावास से बाहर किया जाएगा। बाकी छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष बड़ी मुश्किल से छात्रों को हॉस्टल आवंटित किए गए हैं, ऐसे में अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।प्रशासन को शनिवार सुबह घटना की सूचना मिली थी, जबकि वीडियो शाम को सामने आए। जांच के बाद रविवार को अंतिम कार्रवाई की जाएगी।
अभी तक पुलिस में शिकायत नहीं
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अब तक इस मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार यदि रविवार की जांच में गंभीर तथ्य सामने आए, तो एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है।




