सीसीएसयू ने वियतनाम के विश्वविद्यालयों संग मिलाया कदम, पाठ्यक्रम और शोध में होगा सहयोग
सीसीएसयू में खुलेंगे ड्यूल डिग्री, एक्सचेंज प्रोग्राम और संयुक्त पाठ्यक्रम विकास के नए अवसर

कैंपस रिपोर्टर, मेरठ : चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) अब वियतनाम के प्रमुख विश्वविद्यालयों के साथ मिलकर वैश्विक स्तर पर शिक्षा और शोध के नए अध्याय लिखेगा। राजभवन, लखनऊ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आयोजित समारोह के दौरान सीसीएसयू ने यूनिवर्सिटी ऑफ इकोनॉमिक्स एंड फाइनेंस और ह्यूटेक यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (हो ची मिन्ह सिटी) के साथ समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए।
इन समझौतों के तहत दोनों देशों के विश्वविद्यालयों के बीच संयुक्त शोध परियोजनाएं, शिक्षक-विद्यार्थी विनिमय कार्यक्रम, ड्यूल डिग्री, संयुक्त पाठ्यक्रम विकास और अल्पकालिक शैक्षणिक कार्यक्रमों में सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही, शैक्षणिक सामग्री प्रकाशन और सेमिनारों व अकादमिक बैठकों में सहभागिता के नए अवसर भी खुलेंगे।यह साझेदारी न केवल भारत-वियतनाम संबंधों को नई मजबूती देगी, बल्कि प्रदेश के विद्यार्थियों और शिक्षकों को वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी प्रदान करेगी।
उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालय अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पटल पर भी अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। राजभवन में समय-समय पर आयोजित नैक मंथन, शिक्षा मंथन, कार्यशालाएं और सेमिनारों से उच्च शिक्षा में गुणवत्ता, नवाचार और प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ी है। यह एमओयू उच्च शिक्षा को अंतरराष्ट्रीय मानकों तक पहुंचाने और अनुसंधान व नवाचार के नए आयाम खोलनेकी दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।-आनंदी बेन पटेल, राज्यपाल
भारत-वियतनाम: शिक्षा के माध्यम से मजबूत होगी मैत्री
अपने संबोधन में राज्यपाल ने भारत और वियतनाम की साझा सांस्कृतिक व शैक्षणिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों की सभ्यताएं सदैव ज्ञान, परिश्रम और शांति की धारा से जुड़ी रही हैं।भारत की शिक्षा परंपरा हमेशा ज्ञान के प्रसार और साझेदारी की भावना पर आधारित रही है। वैदिक काल की गुरु-शिष्य परंपरा से लेकर नालंदा और तक्षशिला जैसे विश्वविद्यालयों ने विश्व को शिक्षा का मार्ग दिखाया है। आज के ये समझौते उसी परंपरा की आधुनिक पुनर्स्थापना हैं।
विदेशी शिक्षाविदों ने भी सराहा पहल
वियतनाम की यूनिवर्सिटी ऑफ इकोनॉमिक्स एंड फाइनेंस के उपाध्यक्ष डा. नगो मिन्ह हाई ने कहा कि यह साझेदारी विद्यार्थियों के लिए विश्व के द्वार खोलने वाली पहल है।वहीं, ह्यूटेक यूनिवर्सिटी के उपाध्यक्ष प्रो. डा. गुयेन थान फुओंग ने कहा कि इस एमओयू से शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में एक नया युग शुरू होगा।
यह समझौता विश्वविद्यालय की अकादमिक गुणवत्ता और वैश्विक सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
– प्रो. संगीता शुक्ला, कुलपति,सीसीएसयू




