कोरोना ने बढ़ाई चिंता, IPL 2022 के आयोजन को लेकर बीसीसीआई प्लान बी पर कर रहा विचार
कोरोना के कारण भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को रणजी ट्राफी समेत अन्य घरेलू टूर्नामेंट स्थगित करना पड़ा है। इस बीच खबर है कि आइपीएल के आयोजन के लिए बोर्ड के पास प्लान बी तैयार है। सभी मैच मुंबई में आयोजित हो सकते हैं।

नई दिल्ली। ओमिक्रोन वैरिएंट के कारण भारत में एक बार फिर कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं। एक दिन में एक लाख से ज्यादा मामले सामने आ गए हैं। इसके चलते IPL 2022 के आयोजन पर खतरे का बादल मंडराने लगा है। कोरोना के कारण भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को रणजी ट्राफी समेत अन्य घरेलू टूर्नामेंट स्थगित करना पड़ा है। इस बीच खबर है कि आईपीएल के आयोजन के लिए बोर्ड के पास प्लान बी तैयार है। टूर्नामेंट के 15वें सत्र से पहले 12 और 13 फरवरी को मेगा आक्शन भी होना है। खबरों की मानें तो नीलामी आयोजन का स्थान भी बदला जा सकता है।
क्रिकेट की न्यूज देने वाली वेबसाइट क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई के पास फिलहाल आईपीएल 2021 के आयोजन के लिए दो प्लान है। IPL 2022 में प्लान- ए के अनुसार प्रारंभिक तौर पर सभी 10 टीमों को होम-अवे फार्मेट के तहत खेलने की योजना थी। वहीं प्लान बी के अनुसार पूरे सीजन का आयोजन मुंबई में हो सकता है। यानी पूरा सीजन में मैचों का आयोजन तीन स्टेडियम वानखेड़े, क्रिकेट क्लब ऑफ़ इंडिया (CCI) और डीवाई पाटिल स्टेडियम में हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें – साउथ अफ्रीका ने 7 विकेट जीता दूसरा टेस्ट, भारत के खिलाफ सीरीज में 1-1 की बराबरी
पहले यह खबर आ रही थी कि आईपीएल के 15 वें सत्र का आयोजन 02 अप्रैल से हो सकता है। अब इसकी शुरुआत 25 मार्च से करने पर भी विचार किया जा रहा है। इसका कारण डबल-हेडर और डे मैचों की संख्या को कम करना है। बता दें कि देश में पिछले साल कोरोना की दूसरी लहर के दौरान कई खिलाड़ी संक्रमित पाए गए थे और आईपीएल के 14 वें सत्र को बीच में ही स्थगित करना पड़ा था। बाद में बाकी मैचों का आयोजन यूएई में हुआ था। इस बीच कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने बोर्ड की चिंता बढ़ा दी है। महामारी के कारण साल 2020 में भी इसका आयोजन यूएई में हुआ था।



