दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को दिया झटका, मुंबई की प्लेऑफ में पहुँचने की बढ़ी मुश्किलें
मुंबई इंडियंस को दिल्ली कैपिटल्स ने चार विकेट से हराकर झटका दिया है और प्लेआफ में पहुंचने की रेस को दिलचस्प बना दिया है। अब मुंबई के पास 16 अंक हासिल करने का मौका नहीं है।

शारजाह। इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के 14वें सीजन का 46वां मैच मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच शारजाह में खेला गया। इस मैच को दिल्ली ने 4 विकेट से जीता। इसी के साथ मुंबई की टीम के प्लेआफ में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लगा है, क्योंकि टीम अब 16 अंक तक नहीं पहुंच पाएगी।
इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान रिषभ पंत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। ऐसे में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 129 रन बनाए और दिल्ली के सामने जीत के लिए 130 रन का लक्ष्य रखा। इस लक्ष्य को दिल्ली की टीम ने 19.1 ओवर में 4 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। दिल्ली के लिए श्रेयस अय्यर 33 और आर अश्विन 20 रन बनाकर नाबाद लौटे।
यह भी पढ़ें – IPL 2021: थोड़ी देर में शुरू होगी कोलकाता और पंजाब के बीच महाटक्कर, पंजाब किंग्स के लिए करो या मरो वाला मुक़ाबला
दिल्ली की पारी, गिरे 6 विकेट
130 रन के जवाब में दिल्ली को पहला झटका दूसरे ओवर में लगा जब शिखर धवन 8 रन बनाकर किरोन पोलार्ड के थ्रो के चलते रन आउट हो गए। तीसरे ओवर में दिल्ली के दूसरे ओपनर पृथ्वी शॉ आउट हुए। उनको क्रुणाल पांड्या ने 6 रन के निजी स्कोर पर lbw आउट किया। पांचवें ओवर की पहली गेंद पर नैथन कुल्टर नाइल ने स्टीव स्मिथ को 9 रन पर क्लीन बोल्ड कर दिया और मुंबई को तीसरा विकेट दिलाया।
दिल्ली का चौथा विकेट कप्तान रिषभ पंत के रूप में गिरा, जो 22 गेंदों में 26 रन बनाकर जयंत यादव की गेंद पर हार्दिक पांड्या के हाथों कैच आउट हुए। मुंबई को पांचवीं सफलता ट्रेंट बोल्ट ने दिलाई। उन्होंने अक्षर पटेल को 9 रन के निजी स्कोर पर lbw आउट किया। छठवां विकेट दिल्ली का शिमरोन हेटमायर के रूप में गिरा, जो 8 गेंदों में 15 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर रोहित शर्मा के हाथों कैच आउट हुए।
मुंबई की पारी, गिरे 8 विकेट
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की टीम को दूसरे ही ओवर में पहला झटका लगा जब कप्तान रोहित शर्मा 7 रन के निजी स्कोर पर आवेश खान की गेंद पर कगिसो रबादा के हाथों कैच आउट हुए। मुंबई को दूसरा झटका अक्षर पटेल ने डिकाक को 19 रन पर कैच आउट करवा दिया। सूर्यकुमार यादव ने 33 रन बनाए और उनकी पारी का अंत अक्षर पटेल की गेंद पर हुआ और उनका कैच रबादा ने लपका। सौरव तिवारी का बल्ला इस मैच में नहीं चला और वो 15 रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर आउट हुए।
पांचवां झटका मुंबई को किरोन पोलार्ड के रूप में लगा, जो 6 रन बनाकर एनरिक नोर्खिया की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। हार्दिक पांड्या ने अपने हाथ दिखाने शुरू ही किए थे कि 19वें ओवर की पहली गेंद पर उनको आवेश खान ने 17 रन के निजी स्कोर पर पांड्या को बोल्ड कर दिया। इसी ओवर में आवेश ने नैथन कुल्टर नाइल को भी बोल्ड किया। आखिरी ओवर में अश्विन ने जयंत यादव को स्मिथ के हाथों कैच आउट कराया। क्रुणाल पांड्या 13 और बुमराह एक रन बनाकर आउट हुए।
इस मैच के लिए दिल्ली की टीम ने एक बदलाव किया है। ललित यादव के स्थान पर कप्तान रिषभ पंत ने पृथ्वी शॉ को टीम में चुना था। वहीं, मुंबई इंडियंस ने भी एक बदलाव किया है। कप्तान रोहित शर्मा ने राहुल चाहर की जगह जयंत यादव को टीम में चुना था।
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन
पृथ्वी शा, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, रिषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, स्टीव स्मिथ, अक्षर पटेल, आर अश्विन, कगिसो रबादा, एनरिक नोर्खिया और आवेश खान।
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डिकाक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, सौरभ तिवारी, हार्दिक पांड्या, किरोन पोलार्ड, क्रुणाल पांड्या, नैथन कुल्टर नाइल, जयंत यादव, जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट।



