दिल्ली यूनिवर्सिटी कल जारी करेगी यूजी एडमिशन के लिए तीसरी कट-ऑफ, जानें डिटेल
दिल्ली यूनिवर्सिटी आर्ट्स, कॉमर्स, साइंस और बीए प्रोग्राम के लिए कंबाइंड कट-ऑफ ऑफिशियल वेबसाइट admissions.uod.ac.in पर जारी करेगी.

नई दिल्ली। दिल्ली यूनिवर्सिटी कल, 16 अक्टूबर को विभिन्न ग्रेजुएट कोर्सेज में एडमिशन के लिए अपनी तीसरी कट-ऑफ लिस्ट जारी करेगी। डीयू के कॉलेज अपनी ऑफिशियल वेबसाइटों पर कट-ऑफ लिस्ट जारी करेंगे और और आर्ट्स, कॉमर्स, साइंस और बीए प्रोग्राम के लिए कंबाइंड कट-ऑफ ऑफिशियल वेबसाइट admissions.uod.ac.in पर जारी की जाएगी। डीयू ने 1 अक्टूबर को ग्रेजुएट कोर्स में एडमिशन के लिए अपनी पहली कट-ऑफ सूची की घोषणा की थी, जिसमें श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स और हिंदू कॉलेज जैसे प्रमुख कॉलेजों ने विभिन्न कोर्सेज के लिए कट-ऑफ को 100 प्रतिशत पर रखा था।
दो कट-ऑफ सूचियों के तहत 48,000 से अधिक छात्रों ने दिल्ली यूनिवर्सिटी में एडमिशन हासिल किया है, जबकि यूनिवर्सिटी को अब तक 1.18 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। गुरुवार यानी आज कॉलेजों में लंबित आवेदनों को मंजूरी देने का आखिरी दिन था और तीसरी कट-ऑफ शनिवार को जारी की जाएगी। विश्वविद्यालय को दो कट-ऑफ के तहत कुल 1,18,878 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि 48,582 छात्रों ने फीस का भुगतान किया है, जिससे 70,000 ग्रेजुएट सीटों में से आधी सीटें भर गई है।
यह भी पढ़ें – 90 मिनट की ऑफलाइन मोड में होंगी 10वीं, 12वीं की सीबीएसई टर्म वन की परीक्षाएं, 18 अक्टूबर को जारी होगी डेटशीट
कॉलेज के प्रिंसिपल द्वारा 10,591 आवेदनों को मंजूरी दी गई है। श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ जसविंदर सिंह ने कहा कि 820 में से लगभग 440 सीटें भरी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा, “हमारे पास 10 छात्र हैं जिन्होंने बी.कॉम प्रोग्राम के लिए आवेदन किया है। तीसरी लिस्ट में कट-ऑफ में एक प्रतिशत की गिरावट आने की संभावना है।”
कॉलेज में प्रवेश संयोजक मनीष कंसल ने कहा, “तीसरी कट-ऑफ लिस्ट में कोर्सेज के लिए एक प्रतिशत तक की गिरावट देखने की संभावना है। हमने बी.कॉम (ऑनर्स) के लिए अनारक्षित सीटों को पहले ही भर दिया है, जबकि ओबीसी लगभग भर चुका है। आरक्षित श्रेणियों में रिक्त सीटें होंगी और तीसरी लिस्ट में एक प्रतिशत तक की कमी होने की संभावना है। कट-ऑफ तय करने के लिए शनिवार को एक बैठक होगी।”
इंद्रप्रस्थ कॉलेज फॉर विमेन के प्रिंसिपल डॉ बबली मोइत्रा सराफ के अनुसार, वे कई कोर्सेज में अधिकांश अनारक्षित सीटों को भरने की संभावना रखते हैं, जबकि बीए (ऑनर्स) संस्कृत में एडमिशन तीसरी लिस्ट में खुले रहने की संभावना है। आर्यभट्ट कॉलेज में, अंग्रेजी (ऑनर्स), इतिहास (ऑनर्स), कंप्यूटर साइंस (ऑनर्स), गणित (ऑनर्स), इकोनॉमिक्स (ऑनर्स), बीए प्रोग्राम में एडमिशन दूसरी लिस्ट में बंद होने की संभावना है।



