
नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश जगदीश सिंह खेहर को पद्मविभूषण, नृत्यांगना शोभना चंद्रकुमार को मरणोपरांत पद्मभूषण से सम्मानित किया। साध्वी ऋतंभरा और अभिनेता अनंतनाग और प्रतिष्ठित किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की उपकुलपति सोनिया नित्यानंद समेत कुल 68 प्रमुख हस्तियों को प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में हुए समारोह में राष्ट्रपति मुर्मु ने पूर्व प्रधान न्यायाधीश जस्टिस (सेवानिवृत्त) जगदीश सिंह खेहर को सार्वजनिक मामलों के लिए देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मविभूषण से सम्मानित किया। भक्ति व छठ गीतों के लिए विख्यात लोक गायिका शारदा सिन्हा को कला क्षेत्र में लोक संगीत में उनके विशेष योगदान के लिए मरणोपरांत पद्मविभूषण से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके बेटे अंशुमान सिन्हा ने उनके लिए पुरस्कार प्राप्त किया। डा. शोभना चंद्रकुमार को लोक नृत्य में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। कला के क्षेत्र में योगदान के लिए कुमुदिनी राजनकांत लखिया को मरणोपरांत पद्मविभूषण प्रदान किया। उनके पोते ने राष्ट्रपति से पुरस्कार गृहण किया।

समारोह में राष्ट्रपति मुर्मु ने तीसरा प्रमुख पदम सम्मान पद्मभूषण नौ हस्तियों को प्रदान किया। साध्वी ऋतंभरा ने सामाजिक कार्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्मभूषण प्राप्त किया। प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष रह चुके बिबेक देबराय को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए मरणोपरांत पद्मभूषण से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी ने उनके लिए पुरस्कार प्राप्त किया। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी का पुरस्कार जोशी के बेटे ने प्राप्त किया। अभिनेता अनंत नाग, व्यवसायी नल्ली कुप्पुस्वामी चेत्ती व पुरातत्ववेत्ता कैलाश नाथ दीक्षित को भी पद्मभूषण से सम्मानित किया गया।

प्रमुख इम्यूनोलाजिस्ट और केजीएमयू के उपकुलपति नित्यानंद, फुटबालर इनिवलप्पिल मणि विजयन, गायिका अश्विनी भिदे देशपांडे, अभिनेता अशोक लक्ष्मण सराफ, मास्क निर्माता रीबा कांता महंता और संगीतकार रिकी ज्ञान केज भी पद्मश्री के प्राप्तकर्ताओं में शामिल थे। प्रसिद्ध रंगमंच कलाकार और अभिनय प्रशिक्षक बैरी जान, लोक संगीतकार और प्रसिद्ध पराई खिलाड़ी वेलु आसन, व्यवसायी सज्जन भजंका, डा. नीरजा भटला, वैज्ञानिक अजय वी.भट्ट, लेखक संत राम देशवाल, आध्यात्मिक नेता आचार्य जोनास मेजेट्टी, और फारुक अहमद मीर व अन्य को भी पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया।



