ICC World Cup 2023: रोहित ने टीम इंडिया को दिलाई विराट जीत, अफगानिस्तान को 8 विकेट से पटका

नई दिल्ली: भारत ने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को एकतरफा अंदाज में हराया था और दूसरे मैच में भी टीम इंडिया ने ये काम जारी रखा. इस बार उसने अफगानिस्तान के खिलाफ दमदार खेल दिखाते हुए एकतरफा जीत हासिल की. टीम इंडिया की इस जीत में जसप्रीत बुमराह और कप्तान रोहित शर्मा जमकर चमके।जसप्रीत बुमराह की अगुआई में गेंदबाजों के दमदार खेल के बाद कप्तान रोहित शर्मा की रिकॉर्डतोड़ पारी के दम पर भारत ने अफगानिस्तान को आठ विकेट से हरा दिया. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में जीत हासिल कर भारत ने वनडे वर्ल्ड कप में अपनी दूसरी जीत दर्ज की है. अफगानिस्तान के कप्तान हसमतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की. पूरी टीम 50 ओवरों में आठ विकेट खोकर 272 रन बना सकी. भारत ने ये लक्ष्य 35 ओवरों में हासिल कर लिया. रोहित शर्मा ने 84 गेंदों पर 16 चौके और पांच छक्कों की मदद से 131 रन बनाए. विराट कोहली ने भी अर्धशतक जमाया. कोहली 55 रनों पर नाबाद रहे. अफगानिस्तान की तरफ से शाहिदी ने 80 और अजमतुल्लाह जाजई ने 62 रन बनाए.



