तिरंगे की तीलियां 24 महर्षि और दार्शनिक अवधारणा के प्रतीक : कुलपति
गुरुग्राम : श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय ने घर घर तिरंगा अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत में कुलसचिव प्रोफेसर आर एस राठौर ने राष्ट्रीय ध्वज से संबंधित राजकीय नियमावली से अवगत कराया। इसके पश्चात हर घर तिरंगा गीत की प्रस्तुति हुई। राष्ट्रीय ध्वज से जुडी कुछ रोचक जानकारी एक डाक्यूमेंट्री के माध्यम से साझा की गयी। इस दौरान विश्वविद्यालय के संगीत विभाग से लोक कला के विद्यार्थियों ने देशभक्ति के गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। इसके साथ ही राष्ट्रभक्ति की कविता भी विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गयी। कुलपति राज नेहरू ने इस अवसर पर तिरंगे की संरचना पर प्रकाश डाला एवं बताया की तिरंगे का हर रंग अपने आप में एक विशेष संकेत लिए हुए है। इसके चक्र में 24 तीलियां सनातन संस्कृति के 24 महर्षि और उनकी दार्शनिक अवधारणा के प्रतीक हैं। कुलपति ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को सराहा और उन्हें भविष्य में इसी दिशा में बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात स्लोगन राइटिंग का आयोजन हुआ और विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्रा के लिए स्लोगन लिखे। तत्पश्चात विश्विद्यालय से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया इस यात्रा में विश्विद्यालय के कुलपति , कुलसचिव , डीन , समस्त टीचिंग फैकल्टी और विद्यार्थी शामिल रहे। कार्यक्रम का समापन विश्विद्यालय परिसर में रिफ्रेशमेंट के वितरण के साथ हुआ।