Indian NewsUniversity/Central University
पहल : कोरोना महामारी से बचाने को गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय ने लिया पांच गांवों को गोद

हिसार (हरियाणा) : कोरोना महामारी काल में हिसार स्थित गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (GJU) ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए सराहनीय पहल की है। ग्रामीण क्षेत्रों में महामारी के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए विश्वविद्यालय ने पांच गांवों को गोद लिया है। इनमें बहबलपुर, सातरोड कला, मिर्जापुर, नंगथला और देवा गांव शामिल हैं। इन गांवों में हेल्प डेस्क कोविड–19 स्थापित किए हैं। ग्रामीणों को दवाइयां भेजी जाएंगी। अन्य संभव सहायता भी उपलब्ध करवाई जाएगी। हेल्प डेस्क का नंबर भी जारी किया गया है। उन्नत भारत अभियान व स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत अभियान के तहत दवाइयां सीधे गांव के पीएचसी सेंटर भेजी जाएंगी। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अविनाश वर्मा ने बताया कि इस समय गांव में कोविड को लेकर अहम कदम उठाने की जरूरत है, जिसमें जीजेयू अपनी अहम भूमिका निभा रहा है।
बहलपुर गांव के सरपंच भजनलाल ने बताया कि जीजेयू विश्वविद्यालय की ओर से गांव में सैनेटाइजर का छिड़काव करवाया गया। दवाइयों की उचित व्यवस्था की गई है, जिसके लिए वह कुलपति एवं विश्वविद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हैं।

मानसिक समस्याओं का समाधान भी बताएंगे मनोवैज्ञानिक
विश्वविद्यालय ने इन पांचों गांवों में काउंसलिंग हेल्पलाइन भी स्थापित की है। कोरोना महामारी के दौरान व्यक्तियों को मानसिक समस्याएं भी आ रही हैं। इसके लिए विश्वविद्यालय के मनोवैज्ञानिक प्रो. संदीप राणा ग्रामीणों को परामर्श देंगे। प्रो. राणा शाम चार बजे से छह बजे तक (रविवार को छोड़कर) मोबाइल नंबर 9255110772 पर उपलब्ध रहेंगे। जरूरतमंद इनसे परामर्श ले सकते हैं।
ग्रामीणों को बीमारी के प्रति समय रहते जागरूक करना अति आवश्यक है। इसके लिए विश्वविद्यालयों को अपनी ज़िम्मेदारी का निर्वहन करना होगा। विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को सैनेटाइजर और दवाइयां भी इन गांव में भेजी हैं। जीजेयू लगातार इस दिशा में कार्य कर रहा है और आगे भी करता रहेगा।– प्रो. टंकेश्वर कुमार,कुलपति



