देशभर में 3800 परीक्षा केंद्रों पर हुई नीट की परीक्षा, 95 फीसदी से अधिक छात्र हुए शामिल
इस साल जिन 13 भाषाओं में परीक्षा हुई उनमें हिंदी, पंजाबी, असमिया, बंगाली, उड़िया, गुजराती, मराठी, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, तमिल, उर्दू और अंग्रेजी शामिल हैं। भाषाओं में पंजाबी और मलयालम नए जोड़े गए हैं।

नई दिल्ली। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट यानी नीट (NEET) के लिए देशभर के 3800 से अधिक केंद्रों पर रविवार को हुई परीक्षा में 95 फीसदी से अधिक रजिस्टर्ड छात्र शामिल हुए। अधिकारियों ने ये जानकारी देते हुए बताया कि इस साल नीट के लिए रिकॉर्ड 16.14 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। पिछले साल कोविड-19 महामारी के बीच 85 फीसदी से अधिक रजिस्टर्ड छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 के सभी दिशानिर्देशों का पालन करते हुए रविवार को आयोजित परीक्षा में 95 प्रतिशत से अधिक छात्र उपस्थित हुए। कोरोना के नियमों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष पालन किया गया। निर्धारित केंद्रों में परीक्षा के कमरों की संख्या भी बढ़ाई गई। एक कमरे में 12 से ज्यादा अभ्यर्थी नहीं बैठाए गए। साथ ही छात्रों को मास्क, सैनिटाइजर दिए गए। इसके अलावा सैनिटाइजर और हैंडवॉश परीक्षा हॉल में भी था। सभी परीक्षा केंद्रों को परीक्षा से पहले और परीक्षा के बाद दो बार सैनिटाइज किया गया।
यह भी पढ़ें – 16 सितंबर से शुरू होंगी चौ. रणबीर सिंह विवि बीएड की परीक्षा, ऑनलाइन परीक्षा में अब ऐसे रोकी जाएगी नकल
13 भाषाओं में हुई परीक्षा
इस साल जिन 13 भाषाओं में परीक्षा हुई उनमें हिंदी, पंजाबी, असमिया, बंगाली, उड़िया, गुजराती, मराठी, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, तमिल, उर्दू और अंग्रेजी शामिल हैं। भाषाओं में पंजाबी और मलयालम नए जोड़े गए हैं। वहीं पहली बार नीट की परीक्षा दुबई और कुवैत में भी एक-एक केंद्र पर आयोजित की गई।
परीक्षा स्थगित कराने को लेकर कोर्ट में लगाई गई थी याचिका
कोरोना महामारी को देखते हुए लगातार नीट की परीक्षाएं स्थगित की जा रही थी, लेकिन इस बार सरकार ने 12 सितंबर को इसे कराने का फैसला किया था। हालांकि इसे स्थगित कराने को लेकर कोर्ट में याचिका भी लगाई गई थी, लेकिन कोर्ट ने याचिका को खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि नीट परीक्षा में 16 लाख से अधिक छात्र हिस्सा लेने वाले हैं। कुछ छात्रों की याचिका पर इसे टाला नहीं जा सकता।
वहीं सुप्रीम कोर्ट ने रीट याचिका को भी खारिज कर दिया, जिसमें सीबीएसई कंपार्टमेंट, निजी, पत्राचार परीक्षाओं की घोषणा के बाद NEET UG 2021 परीक्षा को स्थगित कर रिशेड्यूल करने की मांग की गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि परीक्षा 12 सितंबर को तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगी।



