NEET UG Re-Exam 2026: पुनर्परीक्षा का शेड्यूल जारी, 21 मई तक बदल सकेंगे एग्जाम सिटी—13 भाषाओं में होगा टेस्ट
NEET UG Exam 2026: एनटीए ने नीट यूजी पुनर्परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। उम्मीदवार 21 मई तक अपने परीक्षा शहर में बदलाव कर सकते हैं। यह परीक्षा देशभर में 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी, जिससे छात्रों को अपनी पसंदीदा भाषा में परीक्षा देने का मौका मिलेगा।

नई दिल्ली। NEET UG Re-Exam 2026: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने परीक्षा की तारीख, समय और परीक्षा शहर बदलने से जुड़े नियम जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा 21 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक ऑफलाइन मोड में आयोजित होगी। उम्मीदवार 21 मई तक अपने पसंदीदा परीक्षा शहर में बदलाव कर सकते हैं, जबकि परीक्षा 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी।
परीक्षा का समय
नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। इस समय में परीक्षा से जुड़ी जरूरी औपचारिकताएं भी शामिल रहेंगी। परीक्षा पेन और पेपर मोड (ऑफलाइन) में 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी। उम्मीदवार 15 मई से 21 मई 2026 रात 11:50 बजे तक अपना वर्तमान पता और पसंदीदा परीक्षा शहर अपडेट कर सकते हैं। इसके बाद किसी भी बदलाव का मौका नहीं मिलेगा। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार NTA की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर विजिट कर सकते हैं।
नहीं देना होगा अतिरिक्त शुल्क
एनटीए ने नोटिस में साफ किया है कि परीक्षा शहर बदलने या पता अपडेट करने के लिए उम्मीदवारों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि, उम्मीदवार अन्य किसी जानकारी में सुधार नहीं कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें- CBSE New Rule: 9वीं-10वीं में तीन भाषाएं होंगी अनिवार्य, 1 जुलाई से लागू होगा नया नियम
एजेंसी ने कहा है कि केवल वर्तमान पता और परीक्षा शहर में ही बदलाव की अनुमति दी गई है। इसके अलावा आवेदन पत्र में किसी अन्य प्रकार का सुधार स्वीकार नहीं किया जाएगा।
यदि किसी उम्मीदवार को नीट यूजी 2026 से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी चाहिए, तो वे एनटीए हेल्पडेस्क से संपर्क कर सकते हैं। उम्मीदवार 011-40759000 और 011-69227700 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा neetug2026@nta.ac.in पर ईमेल के जरिए भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
जानें शहर चयन और बदलाव के सभी नियम
- उम्मीदवार अपने पहले और दूसरे पसंदीदा परीक्षा शहर का चयन कर सकते हैं।
- जो छात्र इस विकल्प का उपयोग नहीं करेंगे, उनके द्वारा पहले से चुना गया शहर ही मान्य रहेगा।
- केवल वर्तमान पता और परीक्षा शहर में ही बदलाव किया जा सकता है, बाकी किसी भी जानकारी में संशोधन नहीं होगा।
- 21 मई 2026 के बाद किसी भी प्रकार का बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
- परीक्षा शहर बदलने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा, यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क है।
- परीक्षा शहर की जानकारी, एडमिट कार्ड और अन्य विवरण 14 जून 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे।



