हाईवोल्टेज मुक़ाबले में रायल चैलेंजर्स बैंगलोर ने राजस्थान को 7 विकेट से हराया, राजस्थान के लिए प्लेऑफ की राह हुई मुश्किल
दुबई में इंडियन प्रीमियर लीग के 43वें मुकाबले में रायल चैलेंजर्स बैंगलोर का सामना राजस्थान रायल्स के साथ हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 149 रन बनाए जवाब में 17.1 ओवर में 3 विकेट खोकर बैंगलोर ने लक्ष्य हासिल कर दो अंक हासिल किए।

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के 43वें मुकाबले में रायल चैलेंजर्स बैंगलोर और राजस्थान रायल्स की टीमें आमने सामने थी। आरसीबी के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। इस मुकाबले में दोनों टीमों ने बदलाव के साथ उतरने का फैसला लिया। इविन लुईस के अर्धशतक के दम पर राजस्थान ने निर्धारित 20 ओवर में बैंगलोर के सामने 9 विकेट पर 149 रन बनाए। जवाब में ग्लेन मैक्सवेल की शानदार पारी के दम पर बैंगलोर ने 17.1 ओवर में 3 विकेट गंवाकर जीत का लक्ष्य हासिल किया।
बैंगलोर ने जीता मुकाबला
लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने तेज शुरुआत की। टीम को पहला झटका पडिक्कल के रूप में मुस्ताफिजुर रहमान ने दिया। 22 रन बनाकर वो अंदर आती गेंद पर बोल्ड हुए। इसके ठीक बार एक रन चुराने की कोशिश में विराट कोहली को रन आउट होकर वापस लौटना पड़ा। रियान पराग ने 25 रन पर उनको वापस जाने पर मजबूर किया।
यह भी पढ़ें – मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराया, मुंबई की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार
35 गेंद पर 3 चौके और 1 छक्के की मदद से केएस भरत 44 रन बनाकर आउट हुए। इस विकेट के गिरने के बाद ग्लेन मैक्सवेल ने दमदार पारी के साथ मैच को खत्म किया और टीम को जीत दिलाई। 30 गेंद पर उन्होंने 6 चौके और 1 छक्का लगाकर 50 रन की पारी खेली। डिविलियर्स ने चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई और इसी स्कोर पर वापस लौटे।
राजस्थान रायल्स ने बनाए 149 रन
इविन लुईस और यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान की टीम को बैंगलोर के खिलाफ तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने मिलकर पहले 5 ओवर में टीम के लिए 52 रन जोड़े। मोहम्मद सिराज ने 31 रन पर यशस्वी को डैन क्रिस्टियन के हाथों कैच करवा टीम को पहली सफलता दिलाई। पहला विकेट गिरने के बाद भी लुईस ने हमला जारी रखा और अर्धशतक पूरा किया। 31 गेंद पर 4 चौके और 3 छक्के की मदद से इस बल्लेबाज ने अपने पचास रन पूरे किए। 37 गेंद पर 58 रन बनाकर गर्टन की गेंद पर वह केएस भरत को कैच दे बैठे।
महिपाल लोमरोर 3 रन बनाकर युजवेंद्र चहल को बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में स्टंप हुए। इसके बाद कप्तान संजू सैमसन शाहबाद अहमद की गेंद पर बाउंड्री पर 19 रन पर कैच आउट हुए। राहुल तेवतिया 2 रन बनाकर बड़े शॉट की कोशिश में शाहबाज की गेंद पर आउट हुए।
बैंगलोर की टीम में काइले जैमिसन की जगह जार्ज गार्टन को प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई थी। इस मैच से साथ जार्ज आईपीएल डेब्यू करने जा रहे हैं। राजस्थान ने प्लेइंग इलेवन में कार्तिक त्यागी को जयदेव उनादकट की जगह शामिल किया था।
रायल चैलेंजर्स बैंगलोर की प्लेइंग इलेवन
विराट कोहली (कप्तान), देवदत्त पड़िक्कल, श्रीकर भरत (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, एबी डीविलियर्स, डैन क्रिश्चियन, शाहबाज़ अहमद, जॉर्ज गार्टन, हर्षल पटेल, युज़वेंद्र चहल, मोहम्मद सिराज
राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन
एविन लुईस, यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), लियम लिविंगस्टन, महिपाल लोमरोर, रियान पराग, राहुल तेवतिया, क्रिस मोरिस, चेतन साकरिया, कार्तिक त्यागी, मुस्तफ़िज़ुर रहमान



