श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल कॉलेज विवाद
MBBS कोर्स बहाली की मांग तेज, विधायक तनवीर सादिक ने विधानसभा में रखा प्रस्ताव

SMVD: जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक तनवीर सादिक ने श्री माता वैष्णो देवी मेडिकल कॉलेज का एमबीबीएस कोर्स बहाल करने की मांग उठाई है। एनएमसी ने मानकों की कमी बताकर अनुमति रद्द की थी। प्रस्ताव में फैसले की समीक्षा और सार्वजनिक हित में कोर्स बहाली की मांग की गई है।
SMVD: जम्मू-कश्मीर में श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस (SMVDIME) में एमबीबीएस कोर्स की अनुमति रद्द किए जाने का मामला अब सियासी तूल पकड़ता नजर आ रहा है। सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के विधायक तनवीर सादिक ने इस मुद्दे को लेकर जम्मू-कश्मीर विधानसभा में एक प्रस्ताव दाखिल किया है, जिसमें केंद्र सरकार और नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की गई है।
एनएमसी ने हाल ही में एसएमवीडी मेडिकल कॉलेज को दिए गए लेटर ऑफ परमिशन (LoP) को रद्द कर दिया था। आयोग ने अपने आदेश में कहा था कि संस्थान न्यूनतम शैक्षणिक और प्रशासनिक मानकों का पालन नहीं कर पा रहा है। एनएमसी के मुताबिक कॉलेज में फैकल्टी की भारी कमी, पर्याप्त क्लिनिकल मटीरियल की अनुपलब्धता और बुनियादी ढांचे से जुड़ी गंभीर खामियां पाई गई थीं, जिसके चलते एमबीबीएस कोर्स की अनुमति वापस ली गई।



