डीयू मे एडमिशन के लिए हाई कट ऑफ रखने के खिलाफ छात्र संगठनों ने किया विरोध प्रदर्शन

नई दिल्ली।
दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) और संबंधित कॉलेजों ने यूजी कोर्सेज के लिए मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। डीयू द्वारा स्नातक पाठ्यक्रमों ( यूजी कोर्सेज ) में प्रवेश के लिए ऊंचा कट-ऑफ रखने के विरोध में छात्र संगठनों ने सोमवार को विश्वविद्यालय प्रशासन के विरोध में यहां प्रदर्शन किया। क्रांतिकारी युवा संगठन (केवाईएस) और वाम-समर्थित स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। संगठनों ने आरोप लगाया कि ऊंचा कट-ऑफ रखने से बड़े निजी स्कूलों के छात्रों को लाभ होता है। उन्होंने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता बरतने की आवश्यकता है।
कट-ऑफ सूची का पुतला फूंका और इसे समाप्त करने की मांग की –
दिल्ली विश्वविद्यालय ने शनिवार को स्नातक प्रवेश की पहली कट-ऑफ सूची जारी की थी जिसमें महिलाओं के लेडी श्रीराम कालेज में ऑनर्स विषयों के तीन पाठ्यक्रमों के लिए प्राप्तांक की सीमा सौ प्रतिशत तय की गई थी। स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सौ प्रतिशत प्राप्तांक की सीमा पांच साल के अंतराल के बाद तय की गई है। केवाईएस की ओर से जारी एक वक्तव्य में कहा गया कि संगठन के कार्यकर्ताओं ने भेदभाव प्रदर्शित करने वाली कट-ऑफ सूची का पुतला फूंका और इसे समाप्त करने की मांग की। उन्होंने कहा, “बड़े निजी स्कूलों के छात्रों द्वारा प्राप्तांक के आधार पर यह कट ऑफ निर्धारित किया गया है जिससे समाज के हाशिये पर पड़े वर्ग के छात्रों को स्तरीय उच्च शिक्षा से वंचित रखा जा सके। यह इसलिए किया गया है ताकि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र सरकारी विश्वविद्यालय न पहुंच सकें।”
प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया –
विरोध के दौरान केवाईएस के प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि केवाईएस के बीस सदस्य उत्तरी परिसर में स्थित कला संकाय पर प्रदर्शन कर रहे थे। अधिकारी ने कहा, “जाने से मना करने पर, उनमें से आठ को हिरासत में ले लिया गया। उन्हें मौरिस नगर पुलिस थाने ले जाया गया।” इस बीच एसएफआई ने विश्वविद्यालय के कुलपति को “भेदभाव और अन्याय पूर्ण तरीके से स्नातक प्रवेश के लिए ऊंचा कट-ऑफ रखने” पर एक ज्ञापन सौंपा।
हिन्दू कॉलेज में बीए ऑनर्स के लिए सबसे ऊंची 99 फीसदी कट ऑफ –
बता दें कि डीयू की तरफ से शनिवार को शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिए जारी कट ऑफ में पिछले साल की तुलना में एक फीसदी की उछाल दर्ज की गई है। पिछले वर्ष डीयू के हिन्दू कॉलेज में बीए ऑनर्स अर्थशास्त्र में दाखिला के लिए सबसे ऊंची 99 फीसदी कट ऑफ जारी गई थी। लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वूमेन ने बीते साल बीए ऑनर्स राजनीतिक विज्ञान की कटऑफ 98 फीसदी जारी की थी। इसमें मानविकी के तीन पाठ्यक्रमों बीए ऑनर्स अर्थशास्त्र, राजनीतिक विज्ञान और मनोविज्ञान में दाखिला के लिए लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वूमेन ने 100 फीसदी की सबसे ऊंची कट ऑफ जारी की है तो वहीं विज्ञान व कॉमर्स संकाय से भी लेडी श्रीराम ऑफ कॉलेज फॉर वूमेन ने बीकॉम ऑनर्स और बीएसएसी ऑनर्स भौतिक विज्ञान के लिए 99.75 फीसदी की सबसे ऊंची कट ऑफ जारी की है।
राजनीतिक विज्ञान की कट ऑफ 98 फीसदी –
बताते चलें कि मनोविज्ञान के लिए सबसे ऊंची 98.75 फीसदी की कट ऑफ जारी की थी। वहीं, लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वूमेन ने जिन पाठ्यक्रमों में दाखिला के लिए 100 फीसदी की कट ऑफ जारी की थी। उन तीन पाठ्यक्रमों में दाखिला के लिए लेडी श्रीराम कॉलेज ने बीए ऑनर्स और राजनीतिक विज्ञान की कट ऑफ 98 फीसदी जारी थी, तो मनोविज्ञान में दाखिला के लिए 98.75 फीसदी की कटऑफ जारी की थी। इस तरह पिछल साल की तुलना में लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वूमेन ने 1.25 फीसदी से 2 फसदी की ऊंची कटऑफ जारी की है।



