टोक्यो ओलंपिक्स: भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, 41 वर्षों में पहली बार ओलिंपिक क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
ग्रेट ब्रिटेन से आयरलैंड के हराने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास रच दिया। टीम ने शनिवार को टोक्यो ओलिंपिक के क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। पहली बार भारत की महिला हॉकी टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंची है।

टोक्यो। ग्रेट ब्रिटेन से आयरलैंड के हराने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास रच दिया। टीम ने शनिवार को टोक्यो ओलिंपिक के क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। 41 वर्षों में पहली बार भारत की महिला हॉकी टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंची है। भारतीय टीम ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका को 4-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा था। भारत के लिए स्ट्राइकर वंदना कटारिया ने हैट्रिक लगाई। उन्होंने चौथे, 17वें व 49वें मिनट में गोल दागे। वहीं नेहा मे 32 वें मिनट में गोल किया। इसके साथ ही भारत को तीन महत्वपूर्ण अंक मिले।
इस मैच में जीत के बाद टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में भारत का स्थान आयरलैंड और ग्रेट ब्रिटेन के बीच मैच पर निर्भर था। आयरलैंड पर ग्रेट ब्रिटेन की जीत के साथ, भारतीय टीम, पूल ए में चौथे स्थान पर रही और क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। पूल ए के आखिरी मैच में ग्रेट ब्रिटेन ने आयरलैंड को 2-0 से हराकर भारत को क्वार्टर फाइनल में जगह दिलाई। अगर यह मैच ड्रा भी होता तब भी भारतीय टीम क्वार्टर फाइनल का टिकट मिल जाता। हर पूल से टॉप चार टीमें नाकआउट दौर में पहुंचती हैं। भारतीय महिला टीम का ओलिंपिक में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1980 में मास्को ओलंपिक में रहा था। तब टीम सेमीफाइनल में पहुंची थी, लेकिन अंत में उसे चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा था।
यह भी पढ़ें – यूपी बोर्ड 10वीं व 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित 12वीं में 97.88 % और 10वीं में 99.53 % स्टूडेंट्स हुए पास
क्वार्टर फाइनल मैच में पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से मैच
भारतीय टीम सोमवार को अपने क्वार्टर फाइनल मैच में पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। क्वार्टर फाइनल के अन्य मैच नीदरलैंड बनाम न्यूजीलैंड, स्पेन बनाम ग्रेट ब्रिटेन और जर्मनी बनाम अर्जेंटीना होगा। भारत ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका को हराया। इसके बाद मुख्य कोच सोर्ड मारिन ने कहा, ‘मुझे लगता है कि हमने मैच की शुरुआत बहुत अच्छी की, लेकिन हमने दक्षिण अफ्रीका को डीफेंड करते हुए बहुत अधिक जगह दी। हम अपने आक्रामक खेल में अच्छे थे। हमने मौके बनाए। हमने पेनल्टी कॉर्नर में गोल किए। इसलिए मैं इससे खुश हूं।’



