यूपी बोर्ड 10वीं व 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित 12वीं में 97.88 % और 10वीं में 99.53 % स्टूडेंट्स हुए पास

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने लंबे इंतजार के बाद 31 जुलाई को 10वीं और 12वीं के नतीजे जारी कर दिए हैं। 31 जुलाई तक 12वीं के नतीजे घोषित करने के सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार, UPMSP ने 10वीं और 12वीं के 56 लाख छात्र-छात्राओं का परिणाम आधिकारिक पोर्टल upmsp.edu.in पर जारी कर दिया है। यूपी बोर्ड 12वीं में 97.88 % और 10वीं में 99.53 % स्टूडेंट्स पास हुए है।
शिक्षा निदेशालय शिविर कार्यालय लखनऊ में दोपहर 3:30 बजे श्री विनय कुमार पांडे, शिक्षा निदेशक एवं सभापति माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा वर्ष 2021 का हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट का परिणाम घोषित किया गया। परीक्षाफल माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in तथा माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर एक साथ दोपहर 3:30 बजे प्रदर्शित हुआ एवं एन०आई० सी० की वेबसाइट upresult.nic.in पर इंटरमीडिएट का परीक्षाफल दोपहर 3:30 बजे एवं हाईस्कूल का परीक्षाफल शाम 5:30 बजे प्रदर्शित हुआ।
वर्ष 2021 की हाईस्कूल की परीक्षा में 29,96,031 तथा इंटरमीडिएट की परीक्षा में 26,10,247 कुल 56,06,278 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे। कोरोनावायरस के कारण शिक्षण कार्य बाधित होने के फलस्वरूप छात्र/छात्राओं हेतु वर्चुअल क्लासेस की व्यवस्था दूरदर्शन के स्वयंप्रभा चैनल ई-विद्या-9, ई-विद्या-11 , विभागीय यूट्यूब चैनल, दीक्षा एप एवं ई-पाठशाला आदि विवि माध्यमों से कराई गई थी। इसके साथ ही प्रधानाचार्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को जोड़ने हेतु व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर वर्चुअल माध्यम से शिक्षण कार्य संपादित कराया गया था।
आपको बता दें की कोरोना वायरस से उत्पन्न असाधारण परिस्थितियों में शिक्षण कार्य बाधित होने के फलस्वरुप छात्र/छात्राओं के शैक्षिक पाठ्यक्रम में 30 प्रतिशत की कमी की गई थी। विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन सुचारू रूप से संचालित किए जाने हेतु 19 अक्टूबर 2020 से विद्यालय खोले गए थे। छात्र/छात्राओं के पठन-पाठन की तैयारियों के आकलन हेतु माध्यमिक शिक्षा परिषद के शैक्षिक पंचांग में प्रथम बार प्री-बोर्ड परीक्षा कराए जाने की व्यवस्था निर्धारित की गई थी।
फरवरी 2021 में इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा सम्पादित करा ली गई थी। कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कारण उत्पन्न असाधारण परिस्थितियों के फलस्वरूप छात्र हित में माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश प्रयागराज द्वारा संचालित विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2020-21 हेतु कक्षा-10 की बोर्ड परीक्षा निरस्त कराने का निर्णय लिया गया था।
हाईस्कूल परीक्षा वर्ष 2021:
हाईस्कूल परीक्षा में कुल 29,96,031 परीक्षार्थियों में 29,82,055 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं, उत्तीर्ण प्रतिशत 99.53 है। इन परीक्षार्थियों में 16,76,916 बालक तथा 13,19,115 बालिकाएं हैं, जिनमें से 16,68,868 बालक तथा 13,13,187 बालिकाएं उत्तीर्ण हुई है। बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 99.52 तथा बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 99.55 है। संपूर्ण परीक्षार्थियों में बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत बालकों के उत्तीर्ण प्रतिशत से 0.03 अधिक है। 82,238 परीक्षार्थियों को सामान्य प्रोन्नति दी गई है।
इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2021:
इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 26,10,247 परीक्षार्थियों में 25,54,813 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं, उत्तीर्ण प्रतिशत 97.88 इन परीक्षार्थियों में 14,74,317 बालक तथा 11,35,930 बालिकाएं हैं, जिनमें से 14,37,033 बालक तथा 11,17,780 बालिकाएं उत्तीर्ण हुई हैं। बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 97.47 तथा बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 98 .40 है। संपूर्ण परीक्षार्थियों में बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत बालकों के उत्तीर्ण प्रतिशत से 0.93 अधिक है। 62,506 परीक्षार्थियों को सामान्य प्रोन्नति दी गई है।



