यूपी पीसीएस मेन्स परीक्षा की नई तारीख जारी, यहां देखें डिटेल्स
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक चलेगी
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की ओर से पीसीएस मेन्स परीक्षा की तारीख घोषित कर दी गई है। बता दें कि पहले यह परीक्षा 28 जनवरी 2022 से लेकर सोमवार 31 जनवरी 2022 तक आयोजित की जाने वाली थी, लेकिन कोरोना वायरस के बढ़ रहे मामलों को ध्यान में रखते हुए कमीशन ने परीक्षा की तारीखों को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। UPPSC की ओर से जारी नोटिस के अनुसार अब परीक्षा 23 मार्च 2022 से 27 मार्च 2022 तक आयोजित की जाएगी। हालांकि, परीक्षा का आयोजन पहले के नियमों के आधार पर ही किया जा सकता है। यह परीक्षा रोजाना दो पालियों में आयोजित की जा सकती है।
यूपी लोक सेवा आयोग द्वारा जारी यूपी पीसीएस मेन्स 2021 एग्जाम शेड्यूल के अनुसार निर्धारित तारीखों में पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक चलेगी। जबकि दूसरी पाली की परीक्षा रोजाना दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी। यूपीपीएससी पीसीएस मुख्य परीक्षा लिखित प्रारूप में आयोजित की जानी है, लेकिन परीक्षा से करीब नौ दिन पहले परीक्षा तिथियों में बदलाव कर दिया गया।
यह भी पढ़ें – सीएसआईआर यूजीसी नेट परीक्षा की तारीख घोषित, यहां देखें पूरी डिटेल्स
एग्जाम पैटर्न
यूपीपीएससी मेन्स परीक्षा में वर्णनात्मक आठ पेपर शामिल हैं। प्रत्येक पेपर के लिए परीक्षा की अवधि 3 घंटे होगी। यूपीपीएससी मेन्स परीक्षा कुल 1500 अंकों की होगी। इंटरव्यू में आपकी तर्क शक्ति, सोचनें व समझनें की क्षमता का आकलन किया जाता है। इंटरव्यू के लिए 100 अंक निर्धारित है।
यूपी पीसीएस मेन्स एग्जाम 2021 के सभी वैकल्पिक विषयों के समस्त प्रश्न पत्रों में दो खंड होंगे। इनमें खंड 1 से प्रश्न संख्या 1 और खंड 2 से प्रश्न संख्या 5 हल करना अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य होगा। वहीं, हिन्दी, उर्दू और संस्कृत भाषा/ साहित्य के दोनों प्रश्न पत्रों में विशेष अनुदेश संबंधित विषय की भाषा के साथ-साथ अंग्रेजी भाषा में भी अंकित किए जाएंगे।’ पीसीएस परीक्षा में हर साल लगभग 4 लाख छात्र शामिल होते हैं। इस परीक्षा के माध्यम से राज्य के विभिन्न आवश्यक पदों पर नियुक्तियां की जाती है। यह पद राज्य सरकार के नियंत्रण में होता है।



