विद्याज्ञान स्कूल में 6 क्लास में प्रवेश के लिए 27 अक्टूबर तक जमा होंगे आवेदन
Vidyagyan school

नई दिल्ली: शिव नादर फाउंडेशन द्वारा संचालित विद्याज्ञान स्कूल में कक्षा छह में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा होगी। इसके लिए 27 अक्टूबर तक आवेदन जमा होंगे। अकादमिक सत्र-2023 में प्रवेश के लिए यह प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
यह होंगे पात्र
परीक्षा के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित परिषदीय, राजकीय सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालय, मान्यता प्राप्त निजी प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा पांच में अध्यनरत बालक-बालिकाएं आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र का स्थायी निवासी होना चाहिए। परिवार की वार्षिक आय दो लाख से कम होनी चाहिए। कक्षा छह में प्रवेश के लिए पात्रता 31 मार्च 2024 को आयु बालक के लिए न्यूनतम 10 वर्ष एवं अधिकतम 11 वर्ष एवं बालिका के लिए न्यूनतम 10 वर्ष एवं अधिकतम 12 वर्ष निर्धारित की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित परिषदीय, राजकीय सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालय, मान्यता प्राप्त निजी प्राथमिक विद्यालय से कक्षा तीन एवं चार उत्तीर्ण कर कक्षा 5 में अध्ययनरत बालक-बालिका प्रवेश के लिए पात्र हैं।
वेबसाइट पर मिलेगी परीक्षा संबंधी जानकारी
विद्याज्ञान परीक्षा के माध्यम से कक्षा छह में प्रवेश मिलेगा। आवेदन पत्र जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी व ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित परिषदीय सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालय, मान्यता प्राप्त निजी प्राथमिक विद्यालयों के साथ-साथ विद्याज्ञान की वेबसाइट www. vidyagyan.in/admissions -2024 पर भी उपलब्ध है।
खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा होंगे आवेदन
आवेदन पत्र को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करने के लिए अब अंतिम तिथि 27 अक्टूबर निर्धारित की गई है। पहले यह तिथि 20 अक्टूबर थी। प्राथमिक लिखित परीक्षा पात्रता एवं संबंधित अन्य किसी भी जानकारी के लिए विद्याज्ञान की वेबसाइट पर देखा जा सकता है।



